नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगुसराय
चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के सकरबासा पंचायत स्थित तीन गच्छा चौक पर देर रात हथियार लहराकर हंगामा करने की सूचना पर ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए एक युवक को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं उसके दो साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक इलाके में घूम-घूमकर हथियार का प्रदर्शन कर रहे थे। युवकों की इस हरकत से आसपास के लोगों में भय और दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया। काफी देर तक हंगामा और हथियार लहराने की घटना को देखकर ग्रामीणों ने तीनों युवकों को घेर लिया। इस दौरान दो युवक भागने में सफल रहे, जबकि एक युवक को हथियार सहित पकड़ लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही चेरिया बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा एक हथियार भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान विभूतिपुर थाना क्षेत्र के देसरी वार्ड संख्या-18 निवासी गौरी साह के पुत्र बादल साह के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा फरार दोनों युवकों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में नियमित गश्ती बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
