नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगुसराय
चकिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरिया गंगा घाट पर शनिवार की सुबह स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसे में ननद-भौजाई की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान दरभंगा जिले के विष्णुपुर थाना क्षेत्र के डिलाही गांव निवासी अरुण महतो की 24 वर्षीय पत्नी मन्नु देवी तथा श्रवण महतो की 17 वर्षीय पुत्री सुंदरी कुमारी के रूप में हुई है।
घटना के बाद गोताखोरों की मदद से सुंदरी कुमारी का शव गंगा नदी से बरामद कर लिया गया, जबकि समाचार लिखे जाने तक मन्नु देवी के शव की तलाश जारी थी। बताया जाता है कि सुंदरी कुमारी इंटर (12वीं) की छात्रा थी, जबकि मन्नु देवी का डेढ़ वर्षीय पुत्र अरिमल कुमार है।
जानकारी के अनुसार, दरभंगा जिले से करीब 40 लोग सिमरिया गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। साथ आए लक्ष्मण महतो ने बताया कि उनकी मां के श्राद्धकर्म की समाप्ति के बाद सभी लोग गंगा स्नान के लिए सिमरिया पहुंचे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
उन्होंने बताया कि ननद और भौजाई दोनों एक साथ गंगा स्नान करने गई थीं। जैसे ही दोनों ने नदी में डुबकी लगाई, वे गहरे पानी में चली गईं और बाहर नहीं निकल सकीं। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
ननद-भौजाई की एक साथ मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, चकिया थाना की पुलिस सिमरिया गंगा घाट पर कैंप कर रही है और गोताखोरों की मदद से मन्नु देवी के शव की तलाश में जुटी हुई है।
