नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र के पहसारा निवासी दिवंगत फूलेना प्रसाद सिंह के मरणोपरांत नेत्रदान एवं देहदान किए जाने के उपलक्ष्य में दधिचि देहदान समिति बिहार तथा जिला समिति की ओर से उनके परिजनों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनकी पत्नी सुशीला देवी को समिति की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही श्रद्धांजलि सभा का भी आयोजन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए दधिचि देहदान समिति के शैलेश महाजन ने कहा कि फूलेना बाबू ने नेत्रदान एवं देहदान कर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की है। उनके नेत्रदान से कई लोगों के जीवन में रोशनी आई है, वहीं देहदान के माध्यम से उन्होंने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
जिला समिति के मुख्य संरक्षक दिलीप सिंह ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि फूलेना प्रसाद सिंह एक आदर्श शिक्षक थे। उन्होंने मृत्यु के बाद भी अपना शरीर मेडिकल छात्रों के अध्ययन के लिए समर्पित कर योग्य चिकित्सकों के निर्माण में योगदान देने का कार्य किया है। ऐसे व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं और उनके योगदान से ही समाज और देश विकास के पथ पर आगे बढ़ते हैं।

जिला अध्यक्ष सुशील राय एवं सचिव निरंजन कुमार सिन्हा ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जिले में फूलेना प्रसाद सिंह ऐसे दूसरे व्यक्ति हैं जिन्होंने देहदान किया है। उनका यह निर्णय उन्हें इतिहास के पन्नों में अमर बना देगा। जिले में जब भी देहदान की चर्चा होगी, फूलेना बाबू का नाम सम्मान के साथ लिया जाएगा।
इस अवसर पर इंद्रजीत राय, नीरज कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और दिवंगत फूलेना प्रसाद सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा में उनकी पत्नी सुशीला देवी, पुत्र पंकज कुमार एवं अंकुर कुमार, पुत्रवधू डॉ. संगीता राय एवं मौसम कुमारी, देवेंद्र प्रसाद सिंह, नूतन कुमारी, संगम कुमारी, पूनम कुमारी, पौत्र अंकुर कुमार, सूरज, रणवीर सिंह, शिवेश रंजन, शिवम वत्स, भोला, प्रमोद, गणेश, रंजन, मैहरी सिंह समेत बड़ी संख्या में परिजन एवं ग्रामीण उपस्थित रहे और दिवंगत फूलेना प्रसाद सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
