गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
श्री विश्वबन्धु पुस्तकालय के पूर्व अध्यक्ष एवं बखरी आठखुट्टी निवासी कृष्ण कुमार सिंह का लंबी बीमारी के बाद उनके पैतृक आवास पर निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सामाजिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर अंतिम दर्शन करने वालों में पूर्व विधायक सूर्यकान्त पासवान, सपा जिलाध्यक्ष दिलीप केशरी, पुस्तकालय अध्यक्ष संतोष गुड्डू, सचिव अमित पोद्दार, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री नीरज नवीन, पुस्तकालय के पूर्व अध्यक्ष सिधेश आर्य, जयदेव सन्याल, पूर्व सचिव आलोक कुमार, पवन सुमन, पंकज केशरी, राजेश अग्रवाल, पंकज सिंह, नीरज राय, राजीव कुमार साहू तथा पार्षद समीर श्रवण समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल रहे।
शोक संवेदना व्यक्त करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कृष्ण कुमार सिंह का पुस्तकालय के विकास के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। वे शिक्षा, सामाजिक सरोकार और जनहित के कार्यों के प्रति हमेशा समर्पित रहे। उनके निधन से क्षेत्र ने एक सजग समाजसेवी, शिक्षाप्रेमी और सम्मानित व्यक्तित्व को खो दिया है, जिसकी भरपाई आसान नहीं होगी।
