गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
राज्यव्यापी आंदोलन के तहत मंगलवार को वीरपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं ने प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद अफरोज आलम के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की।
धरना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजद जिलाध्यक्ष मोहित यादव, प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद अफरोज आलम, युवा राजद प्रखंड अध्यक्ष अभिनव गुप्ता तथा डॉ. सूरज यादव ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की। वक्ताओं ने कहा कि मौजूदा सरकार की नीतियों से गरीब और मजदूर वर्ग प्रभावित हो रहा है। महंगाई लगातार बढ़ रही है और उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या, अपहरण, दुष्कर्म, भ्रष्टाचार और अफसरशाही जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोग परेशान हैं।

वक्ताओं ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकारी प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक संपत्तियों का निजीकरण कर रही है। साथ ही विदेश नीति को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए गए।
धरना को महावीर यादव, राजद जिला महासचिव अर्जुन यादव, डॉ. राम कैलाश सिंह, सुबोध पासवान, विपिन पासवान, अरुण प्रसाद सिंह, राम कृपाल सिंह, नौशाद आलम, देवेंद्र कुमार, मुकेश चौधरी, रामवरण सिंह एवं राम प्रताप सिंह समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम के अंत में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ के प्रतिनिधि को मांग पत्र सौंपा। इस मौके पर सैकड़ों की संख्या में राजद कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
