नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र में जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को डफरपुर पंचायत के छतौना पंचायत भवन में “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के तहत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई और लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए परिवहन पदाधिकारी बेगूसराय राजीव कुमार ने कहा कि सरकार की स्पष्ट मंशा है कि विकास से वंचित लोगों को मुख्यधारा से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों के कार्यों का 30 दिनों के भीतर निष्पादन करना सरकार की प्राथमिकता और गारंटी है। इस दौरान उन्होंने राशन कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित लाभार्थियों को अपने हाथों से प्रमाण पत्र एवं कार्ड भी वितरित किए।
शिविर में पूर्व से कुल 59 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 35 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष 24 मामलों का निपटारा जांच-पड़ताल के बाद किया जाएगा। इसके अलावा शिविर के दौरान नए आवेदन भी प्राप्त हुए।
विभिन्न विभागों से प्राप्त आवेदनों में बिजली विभाग के 3, खाद्य आपूर्ति विभाग के 9, राजस्व विभाग के 6, सामाजिक सुरक्षा विभाग के 6, पंचायती राज विभाग के 4, पीएचईडी विभाग के 3, कृषि विभाग का 1, आरटीपीएस के 11 तथा योजना एवं विकास विभाग के 16 आवेदन शामिल थे।
मौके पर बीडीओ राहुल रंजन, सीओ सूरज कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन चौधरी, थानाध्यक्ष मो. फिरदौस, बीपीआरओ जितेंद्र कुमार, बीसीओ अनिल कुमार चौधरी, एलईओ मेघा वर्मा, बीएओ रौशन कुमार, मुखिया सुनैना देवी, मुखिया प्रतिनिधि इंजीनियर रंजीत कुमार पमपम, सरपंच शांति देवी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष मुकेश कुमार, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष मुकेश कुमार, पंचायत समिति सदस्य अजीत कुमार सिंह, मनरेगा से शुभम कुमार, स्वच्छता पर्यवेक्षक मुकुंद कुमार, पंचायत कार्यपालक सहायक शिवकुमार सहित बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा आम नागरिकों को अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे प्रशासन के समक्ष रखने तथा उनके समयबद्ध समाधान के लिए बिहार लोक सेवा का अधिकार अधिनियम, 2011 एवं बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, 2015 के तहत लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
