नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नावकोठी में मंगलवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 78 गर्भवती महिलाओं का प्रसव पूर्व स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन चौधरी ने बताया कि जांच के दौरान सभी गर्भवती महिलाओं का एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, रक्तचाप, हिमोग्लोबिन, मूत्र, वजन, ऊंचाई एवं मधुमेह समेत अन्य आवश्यक जांच की गई। जांच के क्रम में तीन महिलाएं एनीमिया से पीड़ित पाई गईं, जबकि एक महिला हेपेटाइटिस-बी एवं एक महिला एचआईवी पॉजिटिव पाई गई।
स्वास्थ्य जांच के बाद सभी गर्भवती महिलाओं को कैल्शियम, फोलिक एसिड समेत अन्य आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों ने महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, पर्याप्त आराम करने तथा फल, हरी सब्जियां एवं पौष्टिक आहार का सेवन करने की सलाह दी।
इस दौरान परिवार नियोजन के तहत माला-एन, छाया और निरोध के साथ इमरजेंसी गर्भनिरोधक गोली (ईजीपील) का भी वितरण किया गया।
मौके पर डॉ. भारती भूषण, बीसीएम उषा कुमारी, बीएमईए संदीप चंद्र, लैब टेक्नीशियन पंकज जोशी, जीएनएम रवि कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।
