नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
राष्ट्रीय जनता दल द्वारा राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत मंगलवार को प्रखंड मुख्यालय परिसर में आक्रोशपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष गंगाराम महतो ने की।
सभा को संबोधित करते हुए चेरिया बरियारपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुशील कुमार ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और महंगाई से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध, छिनतई, रंगदारी, हत्या एवं महिलाओं के खिलाफ बढ़ती घटनाओं से लोग भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार विधि-व्यवस्था को नियंत्रित करने में विफल साबित हो रही है।
सुशील कुमार ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनता दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने सरकार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन चलाने का निर्णय लिया है, जिसके तहत 17 जून को जिला मुख्यालय में बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
धरना के बाद राजद नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी राहुल रंजन को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वृद्धावस्था पेंशन के भुगतान में हो रही देरी दूर करने, बिजली आपूर्ति एवं कनेक्शन में व्याप्त भ्रष्टाचार पर नियंत्रण, विष्णुपुर में ट्रांसफार्मर लगाने, भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा उपलब्ध कराने तथा जलजमाव की स्थायी समस्या के समाधान सहित कई स्थानीय मांगें शामिल थीं।
इस मौके पर हरेराम महतो, सुरेंद्र पासवान, मो. नाजिम, मो. मुमताज, पप्पू सिंह, महेश यादव, सज्जन सहनी, रामजीवन यादव, योगेंद्र सहनी, राजेश कुमार, मो. कैफुल, सागर यादव, प्रेमचंद यादव, मो. कासिम, अजय सिंह, बाल्मीकि यादव सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता एवं नेता मौजूद थे।
