नवीन कुमार मिश्र AV भारत न्यूज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
पंचायत विकास दिवस के अवसर पर रविवार को प्रखंड की सभी पंचायतों में विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया। ग्रामसभाओं में पंचायत विकास, महिला सशक्तीकरण, सतत विकास लक्ष्यों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।
नावकोठी पंचायत में आयोजित ग्रामसभा में बीपीआरओ जितेंद्र कुमार ने कहा कि पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स एवं स्थानीय सतत विकास लक्ष्य के तहत इस वर्ष महिला हितैषी पंचायत थीम पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायतों को महिलाओं के लिए सुरक्षित, सशक्त एवं सहभागी बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
ग्रामसभा में पंचायत की बैठकों में महिलाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने, किशोरियों एवं महिलाओं की एनीमिया जांच, सेनेटरी पैड की उपलब्धता, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, जीविका समूहों को सशक्त बनाने तथा महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था, शौचालय निर्माण और शिकायत निवारण व्यवस्था को मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में मातृत्व वंदना योजना, सुकन्या समृद्धि योजना एवं मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
प्रखंड की नावकोठी, विष्णुपुर, रजाकपुर, हसनपुर बागर, डफरपुर, महेशवारा, पहसारा पश्चिम, पहसारा पूर्वी एवं समसा पंचायतों में संबंधित मुखियाओं की अध्यक्षता में ग्रामसभा आयोजित हुई। इसमें पंचायत प्रतिनिधियों, वार्ड सदस्यों, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, आवास सहायक, आंगनबाड़ी सेविकाओं, जीविका दीदियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विकास से जुड़े सुझाव दिए।
मौके पर पंचायत सचिव चंदन कुमार, स्वच्छता पर्यवेक्षक कन्हैया कुमार, नवीन कुमार, मुखिया प्रतिनिधि मुकेश कुमार, उप प्रमुख नंदकिशोर पासवान सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे।


