नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगुसराय
बेगूसराय के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बेगूसराय दौरे और जिले के लिए की गई विकास संबंधी घोषणाओं का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं से बेगूसराय विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है और आने वाले समय में यह जिला शिक्षा, उद्योग और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना, सिमरिया-औटा पुल का नाम राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर रखने की घोषणा, सिमरिया में मरीन ड्राइव, कुशमहौत में इंडस्ट्रियल हब तथा एयर स्ट्रिप जैसी महत्वाकांक्षी योजनाएं बेगूसराय के विकास को नई दिशा देने वाली हैं। उन्होंने इन सभी ऐतिहासिक सौगातों के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति जिले की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।
गिरिराज सिंह ने कहा कि बेगूसराय हमेशा केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार की विकासोन्मुखी सोच का ही परिणाम है कि आज बेगूसराय पूरे बिहार के अग्रणी विकासशील जिलों में अपनी पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा जिले के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। जनसंवाद कार्यक्रम में की गई घोषणाएं केवल विकास योजनाएं नहीं हैं, बल्कि बेगूसराय के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला हैं। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से आने वाले वर्षों में बेगूसराय विकास, उद्योग, शिक्षा और आधुनिक आधारभूत संरचना के क्षेत्र में पूरे बिहार के लिए एक आदर्श मॉडल बनेगा।
मुख्यमंत्री की घोषणाओं के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह अपनी भावनाओं को रोक नहीं सके। उन्होंने मंच से माइक संभालते हुए “सम्राट चौधरी जिंदाबाद” के नारे लगाए। उनके नारे लगाते ही पूरा पंडाल भी सम्राट चौधरी के समर्थन के नारों से गूंज उठा।


