गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी डाकबंगला परिसर स्थित पुराने अतिथि गृह के जीर्णोद्धार कार्य का उद्घाटन रविवार को समारोहपूर्वक किया गया।
मद्-षष्टम् राज्य वित्त आयोग की योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 52 लाख 31 हजार 700 रुपये की लागत से भवन का जीर्णोद्धार कराया गया है।जीर्णोद्धार किए गए अतिथि गृह का उद्घाटन बखरी विधायक सह बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया।
इस अवसर पर मंत्री संजय पासवान ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पुराने सरकारी भवनों का जीर्णोद्धार केवल भवनों का नवीनीकरण नहीं, बल्कि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। मंत्री ने कहा कि बखरी विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सड़क, भवन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न योजनाओं पर लगातार काम किया जा रहा है तथा आने वाले दिनों में विकास कार्यों की गति और तेज होगी।
बताया गया कि इस योजना की अनुशंसा जिला परिषद क्षेत्र संख्या-13 के सदस्य अमित कुमार देव द्वारा की गई थी। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान एवं अन्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही।


