गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
देवाधिदेव महादेव को श्रावण मास अत्यंत प्रिय माना गया है। शास्त्रों में भी इसका उल्लेख मिलता है। इसी कारण श्रावण मास के प्रत्येक सोमवारी पर बिहार की प्रसिद्ध कुंभ स्थली सिमरिया गंगा धाम से लाखों श्रद्धालु गंगाजल लेकर वीरपुर के रास्ते हरिगिरिधाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।

समय के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों की उदासीनता के कारण वीरपुर इमामबाड़ा चौक के समीप कांवरिया पथ पर स्थायी जलजमाव और कीचड़ की समस्या उत्पन्न हो गई थी। स्थिति ऐसी हो गई थी कि सड़क किसी झील जैसी दिखाई देने लगी थी, जिससे कांवरियों और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

31 जुलाई को कांवरिया पथ के निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी के समक्ष ग्रामीणों ने इस समस्या से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की। ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद जिला पदाधिकारी ने मौके से ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को दूरभाष पर निर्देश देते हुए तत्काल कीचड़ हटाने तथा गड्ढों और खाईनुमा हिस्से को भरने का आदेश दिया।
जिला पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में रविवार को संबंधित विभाग की ओर से जेसीबी मशीन की सहायता से लगभग तीन ट्रेलर मिट्टी एवं पत्थरयुक्त मेटेरियल डालकर कांवरिया पथ को समतल किया गया। इससे कांवरियों के आवागमन में काफी सहूलियत होगी और लंबे समय से बनी जलजमाव की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।


