गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के पर्रा पंचायत के वार्ड संख्या-10 निवासी स्वर्गीय रामचंद्र शर्मा के लगभग 30 वर्षीय पुत्र विधया शर्मा की बेंगलुरु में मौत हो गई। विधया शर्मा वहां मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
बताया जाता है कि बेंगलुरु में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। मंगलवार को उनका शव पैतृक गांव पर्रा पहुंचते ही पूरे गांव में मातम छा गया। शव देखते ही मां, पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में शोक का माहौल बन गया।
मृतक अपने पीछे वृद्ध मां, पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार के सामने अब रोजी-रोटी और बच्चों के पालन-पोषण की बड़ी चिंता खड़ी हो गई है।
घटना की जानकारी मिलने पर जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया।
मौके पर मुखिया अस्जद, सरपंच अनिल सिंह, पंचायत समिति सदस्य नवीन सिंह, छात्र नेता ऋषभ कुमार, समाजसेवी धर्मेंद्र सिंह, संजय सिंह, छोटे लाल सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।


