गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगूसराय
प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर शुक्रवार को सेविकाओं की ओर से गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को फल, अनाज, श्रृंगार सामग्री सहित अन्य उपयोगी वस्तुएं भेंट कर उनके स्वस्थ मातृत्व की कामना की गई।
कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर टीकाकरण तथा संतुलित एवं पौष्टिक भोजन के महत्व पर भी जागरूक किया गया, ताकि मां और शिशु दोनों स्वस्थ रह सकें।

गोदभराई कार्यक्रम के दौरान सेविकाओं ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर आकर्षक रंगोली भी बनाई, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्सवमय हो गया। आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 37, 38, 41 एवं 44 सहित अन्य केंद्रों पर सेविका लक्ष्मी कुमारी एवं सहायिका सुधा कुमारी ने कार्यक्रम का संचालन किया।
इस अवसर पर महिला पर्यवेक्षिका रमा कुमारी तथा डेजी गांधी ने विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का भ्रमण कर कार्यक्रम का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।


