नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगूसराय
राजकीय अयोध्या शिव कुमारी आयुर्वेद महाविद्यालय, बेगूसराय में आयुष विभाग के आयुर्वेद निदेशक डॉ. वरुण कुमार ने पहुंचकर महाविद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने नए सत्र की मान्यता से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया और कॉलेज में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डॉ. वरुण कुमार ने महाविद्यालय की लाइब्रेरी में उपलब्ध पुस्तकों की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने बायोमेट्रिक हाजिरी की भी जांच की। उन्होंने कॉलेज में शैक्षणिक और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. श्रीनिवास त्रिपाठी ने निदेशक को कॉलेज में प्राध्यापकों और कर्मचारियों की कमी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नए सत्र की मान्यता के लिए राज्य सरकार को भारतीय चिकित्सा केंद्रीय आयोग के समक्ष प्राध्यापकों की कमी को पूरा करने के संबंध में एफिडेविट दाखिल करना है। प्राचार्य ने कहा कि महाविद्यालय में प्राध्यापकों की कमी के साथ-साथ कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की भी आवश्यकता है।
निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय के उपाधीक्षक डॉ. दिलीप कुमार वर्मा, प्रोफेसर डॉ. विजेंद्र कुमार, प्रोफेसर डॉ. प्रमोद कुमार सहित अन्य मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. श्रीनिवास त्रिपाठी ने निदेशक आयुर्वेद डॉ. वरुण कुमार को शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
बताया गया कि आयुर्वेद निदेशक डॉ. वरुण कुमार बेगूसराय के पोखरिया मोहल्ले के निवासी हैं।


