गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी अनुमंडल और प्रखंड कार्यालय में लंबे समय से कई महत्वपूर्ण पदों के रिक्त रहने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासनिक व्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले इन पदों का प्रभार के आधार पर संचालन हो रहा है, जिससे कार्यों में देरी और निष्पादन में बाधा उत्पन्न हो रही है।सूत्रों के अनुसार, बखरी में डीसीएलआर, लोक सूचना अधिकारी, बीईओ, सीडीपीओ, पीओ सहित कई अहम पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। इन पदों पर स्थायी नियुक्ति नहीं होने से सरकारी कार्यों की रफ्तार पर सीधा असर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि महत्वपूर्ण फाइलें समय पर पास नहीं हो पातीं, प्रमाणपत्रों से लेकर जनउपयोगी योजनाओं से संबंधित कार्य तक लंबित पड़े रहते हैं। कई मामलों में प्रभार में कार्यरत अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी निभानी पड़ती है, जिससे काम की गति और भी धीमी हो जाती है। जनता का कहना है कि आवेदन और फाइलों के निपटारे में काफी विलंब हो रहा है कई विभागों में स्थायी अधिकारी के अभाव के कारण लोग बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाने को मजबूर हैं।समय पर काम नहीं होने से गरीब और जरूरतमंद लोग विशेष रूप से प्रभावित हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इतने महत्वपूर्ण पदों के लगातार खाली रहने से सरकार की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और सरकारी योजनाओं का सही क्रियान्वयन नहीं हो पाता। लोगों ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि बखरी अनुमंडल और प्रखंड में रिक्त चल रहे इन पदों पर शीघ्र नियमित नियुक्ति की जाए ताकि जनता को राहत मिल सके और कार्यों की गति सामान्य हो सके।प्रशासनिक हलकों में भी उम्मीद है कि जल्द ही इन पदों पर स्थायी अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
