गौरव कुमार AV भारत न्यूज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान की ओर से शनिवार को बखरी प्रखंड के रामपुर विवाह भवन परिसर में मकर संक्रांति सह कार्यकर्ता मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संपूर्ण बखरी विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने भाग लिया तथा दही-चूड़ा, सब्जी व तिलकुट का आनंद लिया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री संजय कुमार पासवान ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की जनता ने उन्हें भरपूर स्नेह और समर्थन दिया है। कार्य व्यस्तता के कारण सभी से एक साथ मिलना संभव नहीं हो पा रहा था, इसी उद्देश्य से इस सामूहिक मिलन समारोह का आयोजन किया गया, ताकि क्षेत्रवासियों से मिलकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री स्वयं भी लोगों का स्वागत और आवभगत करते नजर आए। समारोह में नावकोठी, गढ़पुरा, डंडारी और बखरी प्रखंड के लोगों की सक्रिय भागीदारी रही।मौके पर जदयू विधायक अभिषेक आनंद, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, जिला परिषद सदस्य अमित कुमार देव, लोजपा (रामविलास) के नेता सुरेंद्र विवेक, पंकज पासवान, अनिल वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
