नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र के विष्णुपुर गांव में बिजली की लगातार बनी समस्या को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ट्रांसफार्मर पर बढ़ते लोड, लो-वोल्टेज और बार-बार आपूर्ति बाधित होने से करीब एक हजार परिवार प्रभावित हैं। समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
जानकारी के अनुसार, नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा विष्णुपुर के वार्ड संख्या 2, 3, 4 एवं 6 के लगभग 1200 परिवारों को बिजली आपूर्ति के लिए 63-63 केवीए क्षमता के दो ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इनमें से एक ट्रांसफार्मर वार्ड संख्या 2 स्थित ईदगाह के पास है, जहां अत्यधिक कनेक्शन होने के कारण अक्सर फेज उड़ने और ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी की शिकायत बनी रहती है। स्थिति यह है कि मानव बल को बार-बार शटडाउन लेकर मरम्मत कार्य कर आपूर्ति बहाल करनी पड़ती है।
वहीं दूसरा ट्रांसफार्मर वार्ड संख्या 6 में स्थापित है, जिससे वार्ड 4 और 6 के उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाती है। इस ट्रांसफार्मर पर भी अधिक लोड होने के कारण उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज समेत कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय मानव बल रतन कुमार ने बताया कि यदि 63 केवीए के ट्रांसफार्मरों की जगह 100 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाए या प्राथमिक विद्यालय विष्णुपुर के निकट स्थापित ट्रांसफार्मर से आपूर्ति शुरू कर दी जाए तो मौजूदा समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है। उनका कहना है कि कम से कम 200 उपभोक्ताओं का लोड नए ट्रांसफार्मर पर स्थानांतरित कर दिया जाए तो लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिल सकती है।
गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। शुक्रवार को वार्ड संख्या 2, 3 और 4 के लोगों को 12 से 18 घंटे तक बिजली आपूर्ति में बाधा का सामना करना पड़ा। हालांकि पावर हाउस कर्मियों और स्थानीय मानव बल के प्रयास से आपूर्ति बहाल कर दी गई, लेकिन लो-वोल्टेज की समस्या अब भी बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि रात में केवल रोशनी मिल पा रही है, जबकि पंखा, पानी की मोटर और अन्य घरेलू उपकरण ठीक से नहीं चल पा रहे हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
मुखिया प्रतिनिधि टुनटुन पोद्दार, राजद नेता सुरेंद्र पासवान, टीम अभिमन्यु के मो. शब्बीर, वार्ड सदस्य मो. शमशाद, मो. नदीम, पैक्स अध्यक्ष मनोहर महतो तथा डॉ. मनोज कुमार सहित अन्य लोगों ने विभाग से जल्द समाधान की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस संबंध में कनीय विद्युत अभियंता विमल कुमार साहा ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत प्राप्त हुई है। सिसौनी गांव के दुर्गा मंदिर के समीप से 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन लाइन के माध्यम से संबंधित ट्रांसफार्मर को जोड़ने सहित कुछ तकनीकी कार्य शेष हैं, जिन्हें पूरा करने के बाद स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है।
