गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले झंडा दिवस कोष के लिए धन संग्रह अभियान की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसको लेकर बखरी अनुमंडल सभागार में सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी सन्नी कुमार सौरव ने की।
बैठक में झंडा दिवस कोष अभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभिन्न अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के उद्देश्य से 21 जून को उच्च विद्यालय शकरपुरा परिसर में “एक शाम शहीदों के नाम” सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी बखरी के प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार मुकेश तथा अंचलाधिकारी राकेश कुमार चौधरी को दी गई है। कार्यक्रम में पटना से आने वाले कलाकारों की टीम वीर शहीदों की स्मृति में देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देगी। यह कार्यक्रम शाम पांच बजे शुरू होकर रात करीब दस बजे तक चलेगा।
लगातार दूसरे वर्ष आयोजित किए जा रहे इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मियों के बीच विभिन्न दायित्वों का बंटवारा किया गया है। बैठक के बाद अनुमंडल पदाधिकारी सन्नी कुमार सौरव समेत अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में डीसीएलआर ललित कुमार सिंह, बीडीओ कुमार मुकेश, सीओ राकेश कुमार चौधरी, बीपीआरओ कुमार सानू सहित बखरी, गढ़पुरा एवं नावकोठी प्रखंडों के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।


