नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगुसराय
अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट भवन स्थित कारगिल विजय सभा भवन में नशा मुक्त भारत सप्ताह के समापन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त (डीडीसी) आकाश चौधरी ने कहा कि युवाओं को नशे की लत से बचाना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान–विकसित भारत की पहचान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ, जागरूक और सशक्त राष्ट्र निर्माण का जन आंदोलन है। उन्होंने सभी बच्चों, अभिभावकों और नागरिकों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत से हुई तथा समापन बिहार गीत के साथ किया गया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। साथ ही हस्ताक्षर अभियान चलाकर नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया गया।
समारोह में नशा मुक्ति विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया। छात्राओं द्वारा बनाई गई रचनात्मक कलाकृतियों की उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन और बच्चों के मार्गदर्शन में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए कबड्डी कोच सुश्री श्वेता कुमारी एवं गौरी कुमारी, चित्रकला प्रशिक्षक मनीष कौशिक एवं इंद्र मोहन प्रसाद, ताइक्वांडो कोच मणिकांत तथा शारीरिक शिक्षक विश्वजीत कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नेहा कुमारी, आईसीडीएस डीपीओ रश्मि कुमारी, सहायक निदेशक दिव्यांगजन सशक्तिकरण अभिजीत सोनम, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अंकुल चंद्र राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


