नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/ बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र की समसा पंचायत अंतर्गत जीतपुर गांव में एक दर्दनाक घटना ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बारात निकलने ही वाली थी कि दूल्हे के पिता की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, जीतपुर निवासी सिकंदर महतो के पुत्र विकास कुमार की शादी 28 जून 2026 को चेरिया बरियारपुर प्रखंड के अर्जुन टोल में तय थी। घर में शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। ढोल-नगाड़ों और मंगल गीतों के बीच बारात निकलने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान सिकंदर महतो को घर में छूटा हुआ कुछ सामान याद आया। वह सामान लेने घर की ओर गए, तभी अचानक बिजली की चपेट में आ गए।
परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इधर, शादी का माहौल शोक में बदलता देख ग्रामीणों और परिजनों ने आपसी सहमति से दूल्हे विकास कुमार की बारात निर्धारित समय पर चेरिया बरियारपुर के अर्जुन टोल के लिए रवाना कर दी।
घटना की सूचना मिलने पर बखरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव गांव पहुंचते ही परिजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

