गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी नगर परिषद की ओर से वार्ड संख्या 21 एवं 22 में नगर सहयोग शिविर का आयोजन कार्यपालक पदाधिकारी प्रफुल्ल चंद यादव की अध्यक्षता में किया गया। शिविर में स्थानीय लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन जमा किए। प्रधानमंत्री आवास योजना, नल-जल, बिजली, सड़क-नाला, राशन कार्ड तथा साफ-सफाई से जुड़े कुल 40 आवेदन प्राप्त हुए।
कार्यपालक पदाधिकारी प्रफुल्ल चंद यादव ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है, ताकि आम नागरिकों को कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर न लगाना पड़े।
शिविर के दौरान वार्ड संख्या 21 की प्रतिभाशाली छात्रा मुस्कान कुमारी को बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में 80वीं रैंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। नगर परिषद के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वार्ड पार्षद समीर श्रवण ने कहा कि नगर सहयोग शिविर के माध्यम से वार्ड स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को काफी सुविधा मिल रही है। उन्होंने लोगों से ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर नगर परिषद के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।


