नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड अंतर्गत समसा पंचायत भवन में मंगलवार को राज्य सरकार की पहल ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ अभियान के तहत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम लोगों की शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित समाधान करना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन बेगूसराय के परिवहन पदाधिकारी राजीव कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास से वंचित लोगों को मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के कार्यों का 30 दिनों के भीतर निष्पादन सरकार की गारंटी है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने राशन कार्ड सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं कार्ड भी वितरित किए।
शिविर में पूर्व से प्राप्त 76 आवेदनों में से 73 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि तीन आवेदनों को जांच के बाद निपटाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा शिविर में 40 नए आवेदन भी प्राप्त हुए। इनमें 12 आवेदन अंचल कार्यालय से संबंधित थे।
विभागवार प्राप्त आवेदनों में योजना एवं विकास विभाग के 27, पंचायती राज विभाग के 2, आरटीपीएस के 15, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के 28 आवेदन शामिल रहे। बिजली एवं खाद्य आपूर्ति विभाग से कोई नया आवेदन प्राप्त नहीं हुआ।
मौके पर बीडीओ राहुल रंजन, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन चौधरी, थानाध्यक्ष मो. फिरदौस, आपूर्ति पदाधिकारी मनोज कुमार, कनीय विद्युत अभियंता विमल कुमार साहा, बीसीओ अनिल कुमार चौधरी, एलईओ सह प्रभारी बीईओ मेघा वर्मा, बीएओ रौशन कुमार, मुखिया अभिषेक कुमार पिंटू, पंचायत समिति सदस्य गौतम गोस्वामी, रामानंद महतो, प्रवीण कुमार, सोनू देव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि राज्य सरकार आम नागरिकों को उनकी शिकायतें, समस्याएं एवं सुझाव सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंचायत स्तर पर सहयोग शिविरों का आयोजन करा रही है।


