नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र के रजाकपुर मध्य विद्यालय में एक छात्र को अज्ञात नकाबपोश द्वारा शौचालय की टंकी में धक्का देने की घटना को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने स्कूल परिसर के बाहर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
बताया जाता है कि शुक्रवार दोपहर मध्याह्न भोजन के बाद शेखपुरा निवासी मोहन तांती का पुत्र अमन कुमार, जो कक्षा छह का छात्र है, विद्यालय परिसर में मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान एक अज्ञात नकाबपोश व्यक्ति ने उसे पकड़कर शौचालय की टंकी में धकेल दिया। किसी तरह छात्र टंकी से बाहर निकलने में सफल रहा और अपनी जान बचाई।
घटना के बाद छात्र ने इसकी जानकारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक शर्मा को दी। प्रधानाध्यापक ने तत्काल बच्चे को साफ-सफाई कराई, स्नान करवाया तथा घर से दूसरे कपड़े मंगवाकर पहनाए। साथ ही घटना की जानकारी संबंधित लोगों को दी।
शनिवार को घटना की जानकारी फैलते ही रजाकपुर गांव के बड़ी संख्या में लोग विद्यालय पहुंच गए और मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषी की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना पर नावकोठी थानाध्यक्ष मोहम्मद फिरदौस, सब इंस्पेक्टर रंजीत कुमार, अबोध कुमार एवं पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
इस दौरान मुखिया प्रतिनिधि मुकेश कुमार, सरपंच प्रतिनिधि शिवनंदन पासवान, उप प्रमुख नंदकिशोर पासवान सहित अन्य लोगों ने घटना पर गहरी चिंता जताई। कुछ ग्रामीणों ने अपनी आशंकाएं भी व्यक्त कीं और घटना के पीछे साजिश होने की संभावना जताई। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
प्रधानाध्यापक अशोक शर्मा ने घटना की जांच के लिए पुलिस को लिखित आवेदन दिया है। वहीं छात्र अमन कुमार के दादा ने भी आवेदन देकर कथित साजिश में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष मोहम्मद फिरदौस ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।


