गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के जिन्दपुर निवासी एवं युवा व्यवसायी मो. मुकर्रम (26), पिता मो. कयूम ने सोमवार को दर्जनों लोगों के साथ बेगूसराय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार को आवेदन सौंपा। आवेदन के माध्यम से उन्होंने अपने पड़ोसी मो. उमर के पुत्र मो. आविद, मो. साबिर और मो. कादिर द्वारा उनके विरुद्ध दर्ज कराए गए मुकदमे की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
पीड़ित ने आवेदन में बताया कि 23 जुलाई को उक्त तीनों लोग उनके घर पहुंचे और कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर पिस्तौल दिखाते हुए उन्हें घर से बाहर सड़क पर ले जाकर मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दौरान मो. आविद ने कहा कि इसकी पिटाई करो, थाना पुलिस हम देख लेंगे।
मो. मुकर्रम का कहना है कि उनके साथ मारपीट करने के बाद आरोपितों ने स्वयं स्थानीय थाना पहुंचकर उनके खिलाफ मामला दर्ज करा दिया। उनका आरोप है कि साजिश के तहत उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की कोशिश की जा रही है।
आवेदन में उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि मो. आविद के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि आविद द्वारा वीरपुर थानाध्यक्ष के विरुद्ध भी वरीय अधिकारियों से शिकायत की गई थी, जिसे उन्होंने निराधार बताया। पीड़ित के अनुसार, मो. आविद पूर्व में नावकोठी प्रखंड के एक विद्यालय में कार्यरत थे, जहां कथित रूप से विवाद की स्थिति उत्पन्न होने के बाद उनका स्थानांतरण वीरपुर के उत्क्रमित उर्दू मध्य विद्यालय, मुजफ्फरा कर दिया गया।
पीड़ित ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने उनका आवेदन प्राप्त कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया है।


