गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के मैदा बभनगामा सोरकाही बहियार में सोमवार को हुई आशो पासवान की हत्या मामले में मृतक के पुत्र ने वीरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मृतक के पुत्र गांधी पासवान द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा गया है कि 27 जुलाई को दोपहर करीब दो बजे के बाद वह सोरकाही बहियार घास काटने जा रहा था। इसी दौरान उसने तीन ज्ञात एवं तीन अज्ञात व्यक्तियों को मकई के खेत से निकलकर भागते हुए देखा।
कुछ आगे बढ़ने पर वहां मौजूद तीन स्थानीय ग्रामीणों ने उसे बताया कि अभी-अभी जो छह लोग भागे हैं, उन्हीं लोगों ने उसके पिता आशो पासवान पर लाठी, पत्थर और चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।


