नौशाद बनारस व जूही बेगूसराय रहे प्रथम
गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी स्थित श्री श्रीकृष्ण गौशाला प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय गौशाला मेला का शुक्रवार को समापन हुआ। मेला के दूसरे दिन महिला एवं पुरुष पहलवानों के बीच आयोजित शानदार दंगल ने लोगों का मन मोह लिया। पुरुष वर्ग में बनारस के नौशाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मेघौना के जावेद द्वितीय स्थान पर रहे। वहीं महिला वर्ग में बेगूसराय की जूही ने प्रथम तथा झारखंड की प्रियंका ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

भारी बारिश के बावजूद लोगों में दंगल को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया। पूरे मेला परिसर में खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर चहल-पहल बनी रही। मेला के संयोजक दिलीप केशरी एवं सहसंयोजक अभिमन्यु केशरी ने बताया कि यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत रखने का प्रयास है।

कार्यक्रम में गौशाला समिति के सचिव कैलाशचंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष केदार केशरी, कोषाध्यक्ष प्रवीण साह, सदस्य रामदयाल केशरी, मनोज चौधरी, विवेक खेतान, सोनू सिंह, प्रेम किशन मन्नू और पवन सुमन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता गौरव कुमार ने अपने जोशपूर्ण अंदाज में किया, जिससे पूरे आयोजन में ऊर्जा और उत्साह बना रहा। समापन अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रतिभागियों को मेला समिति की ओर से सम्मानित किया गया।
