विजय भारती ब्यूरो AV भारत न्युज बेगुसराय
भगवानपुर प्रखंड क्षेत्र के सूर्यपुरा स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर के मैदान में बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी शिव प्रकाश गरीब दास के समर्थन में मंगलवार को एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। इस सभा में लोकसभा सांसद पप्पू यादव, राज्यसभा सांसद नासिर हुसैन, और कन्हैया कुमार सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की।

उक्त सभा को संबोधित करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि मैं आज आप सबसे भीख मांगने आया हूं कि अपने बेटे और मेरे छोटे भाई गरीब दास को आशीर्वाद देकर विधायक बनाइए। गरीब दास ने बिना पद और सत्ता के जनता के हक के लिए पटना से लेकर दिल्ली तक सड़कों पर संघर्ष किया है। अब समय है कि आपलोग उन्हें अपना प्रतिनिधि बनाकर विधानसभा भेजें। आने वाले समय में यही बेटा न केवल विधायक बल्कि मंत्री भी बनेगा। उन्होंने आगे कहा कि छह नवंबर को महागठबंधन के असली उम्मीदवार गरीब दास क्रमांक संख्या 2, हाथ छाप को वोट देकर बछवाड़ा को विकास की नई दिशा दें।हम दोनों मिलकर श्रद्धेय स्व. रामदेव बाबू के अधूरे सपने को साकार करेंगे और बछवाड़ा को एक विकसित क्षेत्र बनाएंगे।

वहीं राज्यसभा सांसद नासिर हुसैन ने कहा कि गरीब दास आज देश के दस सबसे बड़े युवा नेताओं में से एक हैं। इन्हें फिर से आप सबका आशीर्वाद चाहिए ताकि ये और मजबूती से जनता की सेवा कर सकें। इसीलिए इंडिया गठबंधन ने इन्हें बछवाड़ा से उम्मीदवार बनाया है।

वहीं एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार ने भी सभा में युवाओं का आह्वान करते हुए कहा देश और बिहार को युवा नेतृत्व की जरूरत है तथा बछवाड़ा को भी। अब समय है कि आप सभी एक मौका अपने घर के बेटे गरीब दास को दें। जो बेटा अपने लोगों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहता है, वही सच्चा जनसेवक है। हमने अपने नजरों से पटना में गरीब दास को गरीब गुरबा के हक़ लिए बदन पर लाठी खाते हुए देखा है।यह काम में विश्वास करता है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन बेगूसराय में सातों सीटों पर जीतने जा रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बेगूसराय जिला कांग्रेस के अध्यक्ष अभय कुमार सिंह सार्जन ने की मंच का संचालन ओबीसी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राम स्वार्थ साह ने किया। कार्यक्रम में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश कुमार सन्नी, कांग्रेस नेता रजनीकांत पाठक, युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राहुल कुमार, पूर्व प्रमुख कृष्ण कुमार राय, मंडल अध्यक्ष मो. युनीश, इन्द्रदेव राय, प्रदेश महासचिव मितेश पाठक, बनारसी सहनी, युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष उमेश दास तथा राम चंद्र तांती समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
