गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को लोकतंत्र के इस महापर्व के तहत मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। पूरे दिन मतदाताओं में मतदान को लेकर गजब का उत्साह देखने को मिला। बीमार, बुजुर्ग और महिलाओं के साथ-साथ युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
सुबह 7 बजे से ही मतदान केंद्रों पर महिलाओं की लंबी कतारें नजर आईं। वहीं, दोपहर बाद बड़ी संख्या में युवा वोटरों ने मतदान केंद्र पहुंचकर लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।हालांकि, कुछ जगहों पर मतदाताओं को शुरुआती परेशानियों का सामना भी करना पड़ा। कई मतदाता केंद्रों के फेरबदल और वोटर लिस्ट में नाम नहीं मिलने से नाराज दिखे। वहीं, कुछ बूथों पर बिजली कटने के कारण कुछ देर के लिए मतदान की रफ्तार प्रभावित रही। अर्धसैनिक बल और बीएसएफ के जवानों की मुस्तैदी के साथ-साथ स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।निर्वाचन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी सन्नी कुमार सौरव ने बताया कि सभी बूथों पर सुरक्षाबलों द्वारा नियमित पेट्रोलिंग की गई। कंट्रोल रूम से चुनावी प्रक्रिया की लगातार मॉनिटरिंग होती रही। उन्होंने बताया कि मॉकपोल के दौरान नौ जगहों पर ईवीएम में खराबी की सूचना मिली थी, जिसे तत्काल बदल दिया गया।
मतदान के बाद ईबीएम सील कर भेजी गई मतगणना केंद्र मतदान समाप्ति के बाद पीठासीन पदाधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में सुरक्षा बलों की मौजूदगी में सभी ईबीएम बक्सों को सील कर मतगणना केंद्र के लिए रवाना किया।कुल मिलाकर, कुछ तकनीकी खामियों और छोटी-मोटी परेशानियों के बावजूद बखरी विधानसभा में इस बार का मतदान पिछली बार की तुलना में अधिक सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण रहा। निर्वाचन विभाग इस बार बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने में सफल रहा।
