गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/ बेगूसराय
बखरी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कुल 156 भवनों में 366 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।एसडीओ-सह-सहायक निर्वाचन निबंधन अधिकारी सन्नी कुमार सौरव ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक पीठासीन अधिकारी सहित पांच मतदान कर्मियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। साथ ही एक अधिकारी के साथ चार सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा सीआरपीएफ जवानों की भी तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि डिस्पैच सेंटर पर 15 काउंटर बनाए गए हैं, जहां से मतदान कर्मियों को ईवीएम के साथ उनके-अपने बूथों के लिए रवाना किया जा चुका है। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा। इसके लिए सभी मतदान केंद्रों पर प्रकाश व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए गए हैं।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चेक पोस्ट पर निगरानी बढ़ा दी गई है और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। मतदान कर्मियों के लिए बूथों पर रात में ठहरने, भोजन, शौचालय और पेयजल की उचित व्यवस्था की गई है। वहीं सेक्टर अधिकारी बूथों पर लगातार भ्रमणशील रहेंगे और व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
एसडीओ ने बताया कि दिव्यांग, बीमार और वृद्ध मतदाताओं के लिए विशेष सुविधा की व्यवस्था की गई है। उन्हें मतदान कक्ष तक पहुंचाने और शीघ्र मतदान कराने के लिए कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं। दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए सहायक की व्यवस्था रहेगी, जो अंडरटेकिंग फॉर्म भरने के बाद मतदाता की इच्छा अनुसार ईवीएम का बटन दबाने में मदद करेंगे। इधर, बुधवार को जिलाधिकारी तुषार सिंगला और एसपी मनीष कुमार ने डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को चुनाव संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन का दावा है कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


