गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
रेल मंत्रालय द्वारा पनवेल (महाराष्ट्र) से अलीपुरद्वार (सिक्किम) के बीच प्रस्तावित अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव को लेकर सलौना क्षेत्र में मांग तेज हो गई है। स्थानीय नागरिकों और रेल यात्रियों ने सलौना रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव की मांग करते हुए जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा है।
सलौना रेल यात्री संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद गिरिराज सिंह एवं स्थानीय विधायक संजय पासवान को मांग पत्र सौंपते हुए कहा कि सलौना रेलवे स्टेशन बखरी अनुमंडल मुख्यालय का एक महत्वपूर्ण स्टेशन है, जो बेगूसराय, खगड़िया और समस्तीपुर जिलों की सीमा पर स्थित है। इस स्टेशन से लाखों लोगों की आबादी जुड़ी हुई है और यह उत्तर बिहार का एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र भी है।प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि समस्तीपुर–खगड़िया रेलखंड के बीच सलौना एकमात्र अमृत भारत स्टेशन है, बावजूद इसके यहां लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव अत्यंत सीमित है।
यदि पनवेल–अलीपुरद्वार अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव सलौना स्टेशन पर दिया जाता है, तो इस क्षेत्र के लाखों लोगों को महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम सहित अन्य राज्यों में नौकरी, शिक्षा, व्यापार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे समय, धन और अनावश्यक परेशानियों से भी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर सलौना रेल यात्री संघर्ष समिति के सदस्य विकास वर्मा, जयदेव सान्याल, रामचंद्र सहनी, राजेश अग्रवाल और सिधेश आर्य, अधिवक्ता गौरव कुमार,पंकज पासवान मौजूद थे। प्रतिनिधिमंडल ने जनहित को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय से अविलंब निर्णय लेने की मांग की।सांसद गिरिराज सिंह एवं विधायक संजय पासवान ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मांग पत्र में उठाए गए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और सलौना स्टेशन के हित में हर संभव प्रयास किया जाएगा।
