गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी थाना क्षेत्र अंतर्गत राटन गांव में शनिवार की देर रात आग लगने की घटना में एक करकट (करकटनुमा) घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि खाना बनाने के दौरान निकली चिंगारी से आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राटन गांव निवासी गीता तांती की पत्नी मनीषा कुमारी शनिवार की रात करीब दस बजे अपने घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक चिंगारी निकलने से घर में आग लग गई। करकट का घर होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरा घर जलकर खाक हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने डायल 112 और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना पर स्थानीय ग्रामीण, डायल 112 की पुलिस टीम तथा दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस घटना में घर में रखा सारा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि आगलगी में किसी प्रकार की जानमाल की क्षति नहीं हुई।
पीड़ित महिला मनीषा कुमारी ने इस संबंध में बखरी थाना एवं अंचल अधिकारी को आवेदन देकर न्याय व सहायता की गुहार लगाई है। उन्होंने प्रशासन से आगलगी से हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
