मोहम्मद फैज AV भारत न्युज संवाददाता दलसिंहसराय /समस्तीपुर
शहर में रविवार को यूजीसी गाइडलाइंस के समर्थन में आयशा छात्र संगठन के बैनर तले सैकड़ों छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने महावीर चौक से लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-28 तक मार्च निकालते हुए यूजीसी गाइडलाइंस को सख्ती से लागू करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान छात्र हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लिए हुए थे। तख्तियों पर “यूजीसी लागू करो”, “मनुवादियों की छाती पर बिरसा-फुले-अंबेडकर”, “रोहित वेमुला एक्ट की तर्ज पर यूजीसी एक्ट लागू करो” और “यूजीसी गाइडलाइंस लागू करो” जैसे नारे लिखे हुए थे। पूरे मार्ग में छात्रों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को मुखरता से रखा।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अधिकारों की मांग करना कोई अपराध नहीं है। छात्रों के साथ लगातार भेदभाव किया जा रहा है, जिसे रोकने के लिए यूजीसी गाइडलाइंस को पूरी गंभीरता के साथ लागू किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि रोहित वेमुला एक्ट की तर्ज पर यूजीसी गाइडलाइंस को कानून का रूप दिया जाए, ताकि छात्रों के अधिकार सुरक्षित रह सकें और उन्हें न्याय मिल सके।
आयशा छात्र संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
