गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ मंगलवार को सीपीआई समर्थकों ने बखरी के अम्बेडकर चौक पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतलादहन किया।
कार्यक्रम से पूर्व कार्यकर्ताओं ने बखरी रेलवे ढाला से जुलूस निकालते हुए बाजार क्षेत्र में नारेबाजी की।सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान द्वारा कामगारों को मिले अधिकारों को समाप्त कर केंद्र सरकार ने चार लेबर कोड लागू किया है, जिससे 10–12 घंटे काम लेने की योजना बनाई जा रही है। साथ ही मनरेगा योजना को कमजोर कर नई योजनाओं के माध्यम से मजदूरों के शोषण का आरोप लगाया गया।
नेताओं ने घोषणा की कि 12 फरवरी को ट्रेड यूनियनों द्वारा आहूत आम हड़ताल को सीपीआई, अखिल भारतीय किसान सभा एवं खेत मजदूर यूनियन का पूरा समर्थन रहेगा। हड़ताल के दिन बखरी में बैंक, पोस्ट ऑफिस सहित सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे तथा चक्का जाम किया जाएगा।
इस मौके पर पूर्व विधायक सूर्यकांत पासवान, सीपीआई नेता सुरेश सहनी, जितेंद्र जीतू, यूथ फेडरेशन जिला अध्यक्ष मो. शबाब आलम, प्रखंड सचिव राकेश मालाकर, एसयूसीआई नेता रामपुकार विद्यार्थी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।
