गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी बीआरसी भवन सभागार में शुक्रवार को एफएलएन उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस एक दिवसीय कार्यशाला में प्रखंड के सभी प्रधानाध्यापकों को बच्चों की शैक्षणिक दक्षता सुदृढ़ करने के उपाय सिखाए गए।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रखंड रिसोर्स पर्सन राजू प्रसाद ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा वर्ग 4, 5 एवं 6 के बच्चों की बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक दक्षता को मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नामित शिक्षक गणित और भाषा की पढ़ाई विशेष पद्धति से कराएंगे, ताकि बच्चे बिना झिझक हिंदी और गणित में दक्ष हो सकें।
राजू प्रसाद ने प्रधानाध्यापकों को इस मॉड्यूल का प्रशिक्षण देते हुए निर्देश दिया कि वे इसे अपने-अपने विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू कराएं। उन्होंने चरणबद्ध तरीके से इसकी तैयारी और क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी भी दी।
उन्होंने बताया कि योजना की समीक्षा के लिए क्लस्टर स्तर पर रिसोर्स पर्सन की जिम्मेदारी तय की गई है, जो समय-समय पर विद्यालयों का दौरा कर नामित शिक्षकों के कार्यों का अनुश्रवण और सहयोग करेंगे।
कार्यशाला के दौरान प्रधानाध्यापकों से विभागीय स्तर पर लंबित प्रतिवेदन भी लिए गए। साथ ही अकाउंट और मध्याह्न भोजन से संबंधित आवश्यक निर्देश भी दिए गए।इस अवसर पर अकाउंटेंट मुकेश कुमार, एमडीएम प्रभारी छोटन महतो सहित कई प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से सुरेंद्र कुमार, दिलीप कुमार, कृष्ण कुमार चौधरी, उमेश राम, राजेश कुमार, रामकुमार सहनी, दुलारचंद पंडित, अविनाश कुमार, जयंती कुमारी, रश्मि कुमारी, अमित कुमार मिश्रा, प्रांजल मौर्य, राहुल कुमार, फैयाज अहमद, रवि सहनी, शत्रुघ्न कुमार, शुभंकर कुमार और बिरजू राय समेत सभी प्रधानाध्यापक कार्यशाला में शामिल हुए।
