गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
भीषण गर्मी और उमस से परेशान बखरी अनुमंडल क्षेत्र के लोगों को शुक्रवार को बड़ी राहत मिली, जब अचानक मौसम ने करवट बदल ली। सुबह करीब 9 बजे तेज हवाओं, मेघ गर्जन और मध्यम से मूसलाधार बारिश ने पूरे इलाके का मौसम सुहाना कर दिया। घने काले बादलों के कारण दिन में ही शाम जैसा नजारा देखने को मिला।
शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। गर्मी का असर कुछ कम महसूस हो रहा था, लेकिन करीब 9 बजे अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते पूरे अनुमंडल क्षेत्र में झमाझम बारिश होने लगी।
लगातार कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल थे। बारिश शुरू होते ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को हल्की ठंड का एहसास होने लगा।
मौसम सुहावना होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए और राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने इसे प्री-मानसून बारिश बताया। अचानक आई तेज आंधी और बारिश के कारण सड़क पर चल रहे लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। कई जगहों पर तेज हवाओं से पेड़ों की डालियां भी हिलने लगीं।
बारिश के बाद प्रकृति का नजारा भी बदला-बदला नजर आया। पेड़ों पर पक्षियों का कलरव गूंजने लगा। लंबे समय से गर्मी के कारण घरों में कैद बच्चे और युवा बारिश का आनंद लेते दिखे। कई लोग अपने घरों की छतों और बरामदों से बारिश का नजारा लेते रहे।
इस बारिश से किसानों में खास उत्साह देखा गया। किसानों का कहना है कि यह धान का बिचड़ा और भदैया फसल लगाने का उपयुक्त समय है। बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी, जिससे खेती कार्यों में तेजी आएगी और फसलों को फायदा मिलेगा। स्थानीय किसान बैजू महतो, पिंटू केशरी, मो.अफसर, अमरेंद्र महतो, दिनेश सदा जयजयराम राय आदि ने कहा, “कई दिनों से बारिश का इंतजार था। यह बारिश कृषि कार्यों के लिए काफी लाभदायक साबित होगी।यह बारिश धान की रोपनी समेत अन्य खरीफ फसलों के लिए काफी फायदेमंद मानी जा रही है।
