नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगुसराय
चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के बसही गांव में मंगलवार की सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मृतक की पहचान राकेश कुमार के पुत्र आनंद कुमार के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों में मंझला था। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया।
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह करीब सात बजे आनंद सड़क किनारे से अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रोसड़ा–बेगूसराय मुख्य मार्ग (एसएच-55) पर पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। गंभीर चोट लगने के कारण मासूम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने रोसड़ा–बेगूसराय मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप था कि सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुंची। उनका कहना था कि हादसा सुबह करीब सात बजे हुआ, जबकि पुलिस लगभग आठ बजे मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने, फरार ट्रक चालक की शीघ्र गिरफ्तारी तथा दुर्घटना स्थल पर स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग की। उनका कहना है कि एसएच-55 पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


