गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार की अहले सुबह हुई झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। आषाढ़ माह की इस पहली अच्छी बारिश ने जहां भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत दिलाई, वहीं खेती-किसानी को लेकर किसानों की चिंता भी काफी हद तक कम कर दी।
पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण आम लोगों के साथ-साथ पशु-पक्षी भी परेशान थे। खेतों में नमी की कमी से किसान धान की रोपनी, मक्का तथा पशुओं के लिए हरे चारे की खेती को लेकर चिंतित थे। बारिश होने के बाद खेतों में पर्याप्त नमी आने से किसानों ने राहत की सांस ली है।
किसान झुलो राय, मनोज राय, पप्पू यादव, फोटो झा, राम लगीना सिंह और केदार हजारी सहित कई किसानों ने बताया कि समय पर हुई इस बारिश से खेती के लिए अनुकूल माहौल बन गया है। उनका कहना है कि अब खेतों में धान की रोपनी और अन्य फसलों की बुआई का काम तेजी से शुरू होगा। किसानों को उम्मीद है कि यदि आगे भी समय-समय पर अच्छी बारिश होती रही तो इस वर्ष फसल की पैदावार बेहतर होगी।


