गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी मुख्य बाजार में इन दिनों भीषण जाम की समस्या से राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाजार की मुख्य सड़क पर दिनभर वाहनों की लंबी कतार लगी रहती है, जिससे आम लोगों का आवागमन बाधित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में सड़क किनारे अवैध पार्किंग, ठेले-खोमचे और बढ़ती ई रिक्शा वाहनों की संख्या के कारण जाम की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। खासकर सुबह और शाम के समय स्थिति और भी खराब हो जाती है। स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और कामकाजी लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ता है।
यात्रियों ने बताया कि कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में दिक्कत होती है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। लोगों का कहना है कि अगर नियमित ट्रैफिक व्यवस्था, अवैध पार्किंग पर रोक और सड़क अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए तो जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
