नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र के रजाकपुर पंचायत स्थित डुमरिया गांव के समीप गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं हादसे में एक मासूम बच्चे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई तथा परिजनों में कोहराम छा गया।
मृतक की पहचान बखरी थाना क्षेत्र के हेमनपुर गांव निवासी मोहन सदा के 22 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार के रूप में की गई है। वहीं दुर्घटना में उसकी बहन रीता देवी, बहनोई नीतीश सदा तथा उनका दो वर्षीय पुत्र घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज निजी क्लिनिक में कराया जा रहा है।

परिजनों ने बताया कि मुकेश कुमार अपनी बाइक से बहन, बहनोई और उनके छोटे बेटे को नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के मनिकपुर गांव स्थित ससुराल छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान डुमरिया गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी लोग सड़क पर गिर पड़े और मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन सदर अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मुकेश की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया और गांव का माहौल गमगीन हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर नावकोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
