नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/ बेगुसराय
जिले के छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। बलिया स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन में जल्द ही शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होने जा रही हैं। इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग ने विश्वविद्यालय प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है।
जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री एवं बेगूसराय सांसद Giriraj Singh ने हाल ही में बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने महाविद्यालय के नए भवन में शीघ्र पठन-पाठन शुरू कराने की मांग की थी, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि राजकीय डिग्री महाविद्यालय, बलिया का भवन निर्माण कार्य पूरा हो चुका है तथा भवन का हस्तांतरण भी कर दिया गया है। जिला प्रशासन के अनुरोध के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन को नामांकन प्रक्रिया शुरू करने तथा शिक्षकों एवं कर्मियों की पदस्थापना सुनिश्चित कर शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बेगूसराय में शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो सकेगी।
इस निर्णय का स्थानीय लोगों एवं छात्र-छात्राओं ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि महाविद्यालय के नए भवन में पढ़ाई शुरू होने से बलिया एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।


