आर्द्रा नक्षत्र भी बीतने को, बारिश के बिना रुकी खरीफ की बुआई; किसान चिंतित
विजय भारती ब्यूरो AV भारत न्युज बेगुसराय
भगवानपुर प्रखंड में इन दिनों आसमान में बादल तो रोज उमड़ते-घुमड़ते हैं, लेकिन बरसते नहीं। किसानों को लगता है कि अब बरसे, तब बरसे, मगर बादल मुंह चिढ़ाकर अचानक फुर्र हो जाते हैं। घनघोर घटा से कई बार दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा जाता है, पर अगले ही पल तेज धूप तन झुलसाने लगती है।
क्षेत्र में आखिरी बार 22 जून से पहले बारिश हुई थी, जब मृगशिरा नक्षत्र चल रहा था। परंपरा के अनुसार किसानों ने मृगशिरा में बुआई नहीं की और आर्द्रा नक्षत्र का इंतजार किया। लेकिन आर्द्रा नक्षत्र के प्रवेश के बाद से मानो बारिश इस इलाके से रूठ गई है।खरीफ की बुआई बारिश के बिना संभव नहीं है और अब आर्द्रा नक्षत्र भी बीतने को है। बुआई का समय लगातार पीछे खिसक रहा है, जिससे किसान गहरी चिंता में हैं।अतरुआ , भगवानपुर, सतराजेपुर, लखनपुर, पाली, चुरामनचक, बसही, तेयाय, दादपुर बहियार में खेत तैयार हैं और बीज का भंडारण भी किसान कर चुके हैं, पर खेतों में नमी न होने से बुआई रुक गई है।
किसानों का कहना है कि इंद्रदेव की बेरुखी ने उन्हें परेशानी में डाल दिया है। अगर जल्द बारिश नहीं हुई तो खरीफ की फसल पर संकट आ जाएगा। हर कोई आसमान की ओर टकटकी लगाए एक अच्छी बारिश की उम्मीद कर रहा है।

