नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/ बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय सहयोग सह जन कल्याण शिविर के दूसरे दिन विभिन्न विभागों की ओर से लोगों की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए। शिविर का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाना था।
शिविर में विभिन्न विभागों के कुल 16 काउंटर लगाए गए, जहां लोगों की समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान करने के साथ-साथ योजनाओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए गए। अंचलाधिकारी सूरज कुमार ने बताया कि दो दिनों के दौरान विभिन्न योजनाओं से जुड़े कुल 122 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 64, पीएम सूर्य योजना के 3, प्रधानमंत्री आवास योजना के 5, जीविका के 7, पीएम स्वनिधि योजना का 1, जी-रामजी योजना के 31, आयुष्मान भारत योजना के 5, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का 1, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के 2 तथा मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के 2 आवेदन शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान 114 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष आठ आवेदनों का निष्पादन जांच के बाद किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
शिविर में लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, राशन कार्ड, भूमि संबंधी मामलों समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही लाभुकों को आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर अंचलाधिकारी सूरज कुमार, आपूर्ति पदाधिकारी मनोज कुमार, कनीय विद्युत अभियंता विमल कुमार साहा, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी मेघा वर्मा, सीडीपीओ रश्मि कुमारी, बीसीओ अनिल कुमार चौधरी, बीएओ रौशन कुमार, उद्यान पदाधिकारी राजाराम कुमार, बीएमईए संदीप चंद्र, जीएनएम रवि कुमार, सीएचओ सूर्यभूषण, राजा कुमार, जीविका से मनोरंजन कुमार, अभिषेक कुमार तथा आवास विभाग के कार्यपालक सहायक सुरेश कुमार ठाकुर समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।
अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।


