गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बुधवार को संविधान दिवस के अवसर पर बखरी व्यवहार न्यायालय परिसर में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारियों, अभियोजन अधिकारियों, अधिवक्ताओं तथा न्यायालय कर्मचारियों ने संविधान के महत्व और उसकी मूल भावना को याद करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में एसीजेएम मनोज कुमार सिंह ने कहा कि संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है और इसकी रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने न्याय व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन पर बल दिया।

वही फर्स्ट क्लास मजिस्ट्रेट विशाल कुमार सिन्हा ने कहा कि संविधान न सिर्फ अधिकार देता है, बल्कि हमें जिम्मेदारियाँ भी सौंपता है। उन्होंने युवा पीढ़ी से आग्रह किया कि वे संविधान की अवधारणाओं को समझें और समाज में न्याय व समानता के प्रसार में योगदान दें।
जबकि अभियोजन पदाधिकारी मयंक श्रीवास्तव ने अपने वक्तव्य में कहा कि संविधान दिवस हमें यह याद दिलाता है कि कानून का अनुपालन और मानवाधिकारों का संरक्षण न्याय प्रणाली की प्राथमिक आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि अभियोजन पक्ष सदैव कानून और न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करते हुए समाज में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम में महासचिव राजकुमार, पूर्व महासचिव सुरेंद्र केशरी, गौरव कुमार, राम ज्वालेश्वर प्रसाद सिंह,प्रमोद कुमार, मधुसूदन महतो, कृष्णा पासवान, इंद्रजीत कुमार,पेशकार वीरेश सिन्हा, गौतम भारद्वाज, आर्यन कुमार, प्रियांशु कुमार, दीपक कुमार के अलावे सभी कर्मियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन भी किया। अंत में न्यायालय परिसर में जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान और पालन का संदेश दिया गया।
