गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर प्रखंड क्षेत्र के डीहपर पंचायत स्थित सर्वेश्वर महादेव मंदिर के समीप लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर बनने वाले सीढ़ीनुमा छठ घाट का शिलान्यास मंगलवार को जिला परिषद क्षेत्र संख्या-15 की जिला पार्षद शिल्पी कुमारी ने किया। इस योजना का निर्माण लगभग ₹12.14 लाख की लागत से कराया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पार्षद शिल्पी कुमारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्षों से स्थानीय ग्रामीण इस छठ घाट के निर्माण की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी होने जा रही है। उन्होंने कहा कि यह घाट केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि आम लोगों की आस्था से जुड़ा कार्य है। इसलिए इसके निर्माण की निगरानी और गुणवत्ता बनाए रखना स्थानीय नागरिकों की भी जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता या धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आज के समय में कई जनप्रतिनिधि केवल घोषणाएं करते हैं, लेकिन उनकी प्राथमिकता योजनाओं को धरातल पर उतारना और लोगों तक उसका लाभ पहुंचाना है।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान रौशन चौरसिया, पूर्व सरपंच संजय सिंह, पैक्स अध्यक्ष राहुल कुमार, मंटून सरदार, सोनू कुमार, रौशन सिंह, प्रमोद झा, मनोज कुमार, चंदन सिंह, कन्हैया सिंह, अमित कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।


